गोहाना (सोनीपत)। गांव कटवाल में रुपये के लेन-देन को लेकर एक मजदूरी करने वाले युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव शुक्रवार सुबह गांव में माता मंदिर के निकट पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर पांच युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कटवाल निवासी महेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अजय (23) मजदूरी करता था। वीरवार रात को अजय घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान चार-पांच युवक आए और अजय को अपने साथ बुलाकर ले गए। महेंद्र ने बताया कि जो युवक उसके बेटे को बुला कर ले गए थे उससे उनका रुपये का लेन-देन था। बताया गया है कि युवकों ने रात को शराब पी थी। जिसके बाद उनमें रुपये के लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद अजय की पीटकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह अजय का शव गांव में माता मंदिर के पास मिला था। शव पर मिट्टी लगी हुई थी और डंडों के निशान थे। सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी कर्मजीत सिंह और एसआई समुंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अजय के पिता महेंद्र की शिकायत पर गांव कटवाल निवासी सौरभ, रोहित, लाला, गांव भैंसवाल कलां निवासी दीपक व विक्की के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
----
गांव कटवाल में युवक की पीटकर हत्या की गई है। जिसमें युवक के पिता के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर गोहाना।