गोहाना । शहर की चोपड़ा कॉलोनी में घर के बाहर ईंट लेने आए व्यक्ति की हमलावरों ने सात-आठ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर पैदल ही भाग गए। मामले की सूचना के बाद एएसपी गोहाना व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से आठ खोल बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया।
मूलरूप से रोहतक में गांव बोहर निवासी नवाब कई साल से परिवार के साथ गोहाना में रोहतक रोड स्थित चोपड़ा कॉलोनी में रह रहे हैं। वह अपने मकान में नए कमरे का निर्माण करा रहे हैं। उनका बेटा राकेश कुमार (38) सोमवार देर शाम को गली से ईंटों को उठा कर अपने मकान के अंदर डाल रहा था। इसी बीच दो बाइक पर सवार हथियारों से लैस पांच-छह युवक वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। राकेश जान बचाने के लिए एक पड़ोसी के घर की तरफ भाग लिया। वह गली में लगे ईंटों के चट्टे व दीवार के बीच फंस गया। इसके बाद हमलावरों ने उस पर दोबारा फायरिंग करके राकेश की हत्या कर दी। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद एएसपी उदय सिंह मीणा और शहर थाना के प्रभारी महिपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने राकेश के पिता नवाब के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। नवाब ने फिलहाल किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच कर रही है।
वर्जन
राकेश कुमार के पिता नवाब ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप करके हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-उदय सिंह मीणा, एएसपी गोहाना
गोहाना की चोपड़ा कालोनी में व्यक्ति की हत्या के बाद जांच करती पुलिस।- फोटो : Sonipat