खरखौदा। गांव फिरोजपुर बांगर में घर में अकेले सोए सेवानिवृत्त फौजी की हत्या कर घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। अंदेशा है कि घर में लूट के लिए आए बदमाशों का विरोध करने के चलते हत्या की गई। सेवानिवृत्त फौजी का अधजला शव बेड पर पड़ा मिला है। वहीं घर का सामान भी बिखरा पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। वहीं अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव फिरोजपुर बांगर निवासी रणबीर (62) सेवानिवृत्त फौजी थे। उनकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से एक लड़का व एक लड़की है। पहली पत्नी की मौत होने पर उसने दूसरी शादी की थी, जिससे उसका एक 15 वर्षीय बेटा सागर है। रणबीर की दूसरी पत्नी की भी मौत हो चुकी है। बेटी शादीशुदा है, वहीं बड़ा बेटा वृंदावन में नौकरी करता है। अब रणबीर अपने बेटे सागर के साथ ही घर पर रहता था। शनिवार की रात को अपने घर में रणबीर अकेला ही सो रहा था। उसका बेटा सागर पैर में चोट के कारण चाचा के घर सोया था।
रणबीर के छोटे भाई सतबीर ने पुलिस को बताया कि रात को करीब ढाई बजे सागर लघुशंका के लिए उठा तो उसका बेटा दीपक उसे सहारा देते हुए बाहर बाथरूम तक ले आया। इसी दौरान सागर व दीपक ने देखा कि साथ लगते रणबीर के मकान से धुआं उठ रहा है। ऐसे में उन्होंने बाहर से जाकर जब मेन गेट खोलने का प्रयास किया तो गेट अंदर से बंद था, जिसके बाद शोर मचाते हुए उन्होंने सीढ़ियों के रास्ते मकान में घुसकर मेन गेट को अंदर से खोला। इसके बाद सभी लोग उसके भाई रणबीर के मकान में दाखिल हुए। अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि रणबीर के कमरे में आग लगी हुई है और वह अपने बेड पर अधजली हालत में पड़ा है। इस दौरान पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मामले की सूचना पुलिस को देने के साथ ही जब उन्होंने घर की जांच की तो पाया कि अलमारी व संदूक का सामान बिखरा पड़ा है। वहीं उनमें रखा सामान चोरी है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि उसके भाई के घर में चोरी की नियत से घुसे बदमाशों ने रणबीर के जागने पर उसकी हत्या कर दी और चोरी करने के बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए घर में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बेटे के पैर में लगी है चोट, पांच दिन से पिता से अलग सो रहा
परिजनों के अनुसार रणबीर के बेटे सागर के पैर में चोट लग गई थी। पैर में चोट लगने के कारण वह पांच दिन से अपने चाचा के घर पर ही सोता था। सागर की सही से देखभाल हो सके और उसकी रात को मदद हो सके इसके चलते वह चचेरे भाई के पास ही सोता था।
वर्जन
मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि रणबीर की हत्या की गई है या फिर अन्य कारण रहा है। मामले की जांच जारी है।
- अनिल कुमार, चौकी प्रभारी, सैदपुर।