गोहाना। गांव भावड़ के खेतों में गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे रिश्ते में दादा-पोता को शराब पिलाकर चार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दादा-पोता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां पोते की मौत हो गई। पुलिस ने घायल दादा के बयान पर एक नामजद समेत चार आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक के गांव बलंभा के रहने वाले प्यारेलाल ने पुलिस को बताया कि वह और परिवार में उसका पोता लगने वाला श्यामलाल (40) गांव भावड़ के खेतों में जमींदारों की गेहूं की फसल की रखवाली करते हैं। वह रात को बलंभा से भावड़ में आ जाते थे और रातभर खेतों में रहकर बेसहारा पशुओं को गेहूं की फसल में घुसने से रोकते थे। वह 14 फरवरी की रात को खेतों में आए थे। जब वह खेतों में घूमकर रखवाली करते हुए नहर के पास पहुंचे तो वहां पर गांव भावड़ का लीला, उसका चालक व दो अन्य लोग शराब पी थे। वहां पर लीला ने उसे व श्यामलाल को भी शराब पिला दी। शराब पीने के बाद लीला ने उनके साथ कहासुनी कर दी। जिसके बाद लीला व तीन अन्य ने डंडों से हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। उसके बाद वह फरार हो गए। उसके परिचित अनिल व अन्य ग्रामीणों ने दोनों को खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में श्यामलाल की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। सूचना के बाद बरोदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने प्यारेलाल के बयान लीला व तीन अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नौ साल से गांव भावड़ में फसल की रखवाली करने आते थे दादा-पोता
प्यारेलाल ने पुलिस को बताया कि श्यामलाल उसके परिवार से ही है और रिश्ते में उसका पोता लगता था। वह दोनों नौ साल से गांव भावड़ में जमींदारों की गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए आते थे। इसके एवज में उन्हें प्रति एकड़ पांच किलो गेहूं मिलते थे। जिससे उनका गुजर-बसर हो जाता था। आरोपियों ने नशे में कहासुनी होने पर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
वर्जन
गांव भावड़ में गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे रिश्ते में दादा-पोते पर हमला किया गया है। जिसमें पोते की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने घायल दादा के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
- ओमप्रकाश, जांच अधिकारी, थाना बरोदा।