फोटो 36: सोनीपत के मुरथल में नगर निगम अधिकारियों के निर्मित स्टाफ क्वार्टर के सामने से गिराई गई
- फोटो : mathura
सोनीपत। नगर निगम की ओर से मुरथल पीएचसी की दीवार को बुलडोजर से गिरा दिया गया। बिना किसी सूचना के दीवार गिराए जाने की जानकारी मिलने के बाद पीएचसी के इंचार्ज डॉ. संजीव गर्ग मौके पर पहुंचे और काम रुकवाया। पीएचसी इंचार्ज व ठेकेदार के बीच विवाद हो गया। पीएचसी के इंचार्ज ने यहां सीएचसी अपग्रेड कराने की बात कही। वहीं, निगम अधिकारियों ने जमीन का मालिकाना हक स्वास्थ्य विभाग के नाम न होने की बात कही।
केंद्रीय प्लास्टिक इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) के पास पंचायती जमीन पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चलाया जा रहा है। यह जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम नहीं है। नगर निगम ने पीएचसी के पास स्टाफ क्वार्टरों का निर्माण किया है। इन क्वार्टरों में अधिकारी अपने परिवार के साथ रूकेंगे। अधिकारियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से पीएचसी की जमीन पर पार्क बनाने की योजना है। वीरवार सुबह बुलडोजर से दीवार को ढहा दिया गया। पीएचसी के इंचार्ज डॉ. संजीव गर्ग मौके पर पहुंचे ओर बिना किसी सूचना दिए दीवार तोड़ने के कार्य को रूकवा दिया। पीएचसी के इंचार्ज व ठेकेदार के बीच विवाद होने पर नगर निगम की टीम वहां से लौट गई।
पीएचसी के लिए जमीन मुरथल ग्राम पंचायत ने दान में दे रखी है। जुलाई 2024 हैफेड ने स्वास्थ्य विभा की जमीन पर सड़क बनाकर कब्जा कर लिया था। अब नगर निगम की ओर से कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीएचसी की दीवार गिराई है।
डॉ. संजीव गर्ग, इंचार्ज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरथल
मुरथल पीएचसी की दीवार गिराने का मामला संज्ञान आया है। पता चला है कि यह जमीन नगर निगम के नाम है। अधिकारियों से बात करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हर्षित कुमार, आयुक्त, नगर निगम