सांसद रमेश कौशिक ने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर श्रमिक जीवन सुरक्षा योजना के तहत किसानों को सहायता राशि वितरित की। उन्होंने 9 किसानों के परिजनों को 28 लाख 62 हजार 500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। मार्केट कमेटी के तत्वावधान में वीरवार को सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन नई अनाज मंडी स्थित किसान विश्राम गृह में किया गया, जिसमें मुख्यातिथि के रूप में सांसद रमेश कौशिक ने सहायता राशि प्रदान की।
सांसद ने किसानों व खेतिहर श्रमिकों का आह्वान किया कि वह इस योजना का पूर्ण लाभ उठाएं। खेती कार्य के दौरान किसी की मृत्यु हो जाती है तो उसके परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रकार खेती कार्य के दौरान घायल होने वाले किसान-मजदूरों को अलग राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने किसानों को पेंशन देने की अनूठी एवं अनुकरणीय शुरुआत की है, जबकि पहले कभी किसान पेंशन के विषय में विचार नहीं किया गया। किसान एवं खेतिहर श्रमिक योजना भी किसान हित में है। किसी के प्राण तो वापस नहीं लौटाए जा सकते, लेकिन पीड़ितों की आर्थिक मदद का यह प्रयास किया जा रहा है।
इन किसानों व परिजनों को मिली आर्थिक सहायता राशि
सांसद ने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर श्रमिक जीवन सुरक्षा योजना के अंतर्गत गांव पलड़ी खुर्द की रूबी, गांव नौरंगपुर से सुवाल्ली, गढ़मिरकपुर से सुषमा, मेहंदीपुर से अशोक व गांव सांदल खुर्द से मोहित को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि भेंट की। गांव गुहणा की कमलेश व गांव पबसरा के जोनी को 1 लाख 25 हजार रुपये, गांव रोलद लतीफपुर की गीता को 75 हजार रुपये व गांव जटवाड़ा के रामनिवास को 37 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस मौके पर मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र कुमार, सहायक सचिव ज्योति मोर, पूर्व वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, पवन बंसल व कई किसान मौजूद रहे।
सेरसा में बनाई जाएगी देश की सबसे बड़ी मसाला व ड्राईफ्रूट मंडी
सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि प्रदेश में किसानों को फसल बेचने के लिए नई मंडियों का निर्माण किया जा रहा है। गांव सेरसा में 16 एकड़ भूमि पर सरकार की ओर से 50 करोड़ रुपये की लागत से सबसे बड़ी मसाला व ड्राईफ्रूट मंडी का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा गांव जाखौली में 16 एकड़ भूमि पर 10 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी एवं फल मंडी का निर्माण किया जा रहा है।
खरखौदा में मारुति प्लांट के निर्माण से युवाओं को मिलेगा रोजगार
सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से देश व प्रदेश में सड़क तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। जिससे यहां नए उद्योग स्थापित होंगे। खरखौदा में मारुति प्लांट के निर्माण से यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि गांव मेहंदीपुर में 16 एकड़ भूमि पर सब यार्ड का निर्माण किया जा रहा है। इस साल के अंत तक गन्नौर स्थित अंतरराष्ट्रीय फल एवं सब्जी मंडी भी शुरू हो जाएगी।