सोनीपत। गांव नाहरी पाना सिखान में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान मुख्यातिथि सांसद रमेश कौशिक व विधायक मोहनलाल बड़ौली पहुंचे। उन्होंने गांव बनाई जा रही डिजिटल लाइब्रेरी हॉल व श्मशान घाट के रास्ते का शिलान्यास व निर्मित ओपन जिम का उद्घाटन किया।
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि सरकार की ओर से शहर की तर्ज पर गांव का विकास किया जा रहा है। जिससे गांव में ही लोगों को सभी सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में डिजिटल लाइब्रेरी, ओपन जिम, खेल स्टेडियम, सामुदायिक केंद्र बनाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का रास्ता देश के गांव से ही होकर जाता है। इसलिए देश को आत्मनिर्भर व विकसित भारत बनाने के लिए गांव का विकास करना जरूरी है।
एसडीएम अमित कुमार ने ग्रामीणों को भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया। शहरवासियों को लाभान्वित करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा सुभाष चौक व रेलवे स्टेशन पर पहुंची। पूर्व मंत्री कविता जैन ने जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने शहरवासियों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को फल भेंट किए। उज्ज्वला योजना के तहत ज्योति, मीना, रिंकु, निशा, रोशनी, सुमन, गीता, सुमित्रा व रीटा को गैस सिलिंडर वितरित किए। वहीं गांव तुर्कपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा का स्वागत हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य मीना नरवाल व ग्रामीणों ने किया। उन्होंने आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के तहत बेटियों को एलआईसी पॉलिसी वितरित की।