हरियाणा के सोनीपत में चलती क्रेटा कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने बिना देरी करते हुए कार सड़क किनारे खड़ी की और गाड़ी से उतर गया। देखते ही देखते पूरी कार धूं-धूं कर जलने लगी।
नेशनल हाईवे-334बी पर बहालगढ़ से राठधना मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती क्रेटा गाड़ी के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। कार चालक ने गाड़ी सड़क किनारे रोकी और बोनट खोला तो आग फैल गई। इस दौरान चालक का चेहरा हल्का सा झुलस गया।
विज्ञापन
दिल्ली के शालीमार बाग स्थित हैदरपुर के आंबेडकर नगर निवासी सौरव चौहान बुधवार शाम को बहालगढ़ के पास से नेशनल हाईवे-334 बी पर चढ़े थे। वह राठधना की तरफ जा रहे थे। जब वह लिवान के सामने पहुंचे तो अचानक बोनट से धुआं निकलने लगा। उन्होंने गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। उन्होंने जब बोनट खोला तो अचानक आग भड़क गई। आग से उनका चेहरा झुलस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।