अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को सबसे कम उम्र में व पहले भारतीय के रूप में फतह करने के बाद हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव मटिंडू के नीतीश दहिया ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को भी फतह कर वहां पर तिरंगा फहराया है। इस उपलब्धि से न केवल मटिंडू गांव बल्कि पूरी दहिया खाप खुश है। नीतीश ने तिरंगे के साथ ही दहिया खाप का पोस्टर लेकर माउंट एवरेस्ट पर विजय हासिल की है।
विज्ञापन
पर्वतारोही नीतीश दहिया ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को 4 दिन में 2 बार फतह करते हुए तिरंगा फहराया था। इसके चलते उसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्डस में भी दर्ज किया गया था। जल्द ही नीतीश के घर पर लौटने पर स्वागत किया जाएगा।
माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के दौरान बिगड़ गई थी तबीयत
नितिश दहिया की माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के दौरान तबीयत भी बिगड़ गई थी। ठंडी हवा के चलते गले में संक्रमण होने के साथ ही गले से खून भी आने लगा था। इसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती तक करना पड़ा था, लेकिन स्वास्थ्य की परेशानी भी उसके जज्बे को कम नहीं कर सकी और उन्होंने एवरेस्ट की चोटी को फतह कर डाला।