संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। देवीलाल चौक के पास कार की टक्कर से घायल मां की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव आहुलाना निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को वह पत्नी सोनिया और बेटी प्राची के साथ गन्नौर तहसील गए थे। देवीलाल चौक के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी बेटी और पत्नी को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दोनों को पहले सीएचसी गन्नौर ले जाया गया जहां से उनको खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें सोनीपत के निजी अस्पताल लेकर गए। 22 जुलाई को सोनिया ने दम तोड़ दिया जबकि प्राची का उपचार चल रहा है।