फोटो 27: सोनीपत अनाज मंडी में लगा गेहूं का ढेर। संवाद
- फोटो : संवाद
सोनीपत। मंडियों में रविवार को गेहूं की आवक व खरीद जारी रही। मंडियों में करीब 40 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। वहीं, 20 हजार क्विंटल का उठान किया गया। गेहूं में नमी ज्यादा होने की वजह से खरीद कम और उठान दोनों ही कम हो रही है। रविवार को नई अनाज मंडी में 50 हजार बैग गेहूं का उठान हुआ, जिससे अब तक का उठान 78 हजार बैग तक पहुंच गया है। उठान कम होने की वजह से सोनीपत व गोहाना मंडी में गेहूं के ढेर लगे हुए हैं।
बारिश की वजह से मंडी में गेहूं की फसल में नमी थी, जिसकी वजह से फसल का उठान नहीं हो रहा था। शनिवार को फसल को सुखाया गया और अब रविवार को उठान शुरू कर दिया गया है। मंडी में अब तक 78 हजार बैग का उठान हुआ है, जबकि एक लाख 30 हजार क्विंटल गेहूं मंडी में उठान के लिए पड़ा हुआ है। वहीं, गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान ने पहले पुरखास खरीद केंद्र का दौरा किया। किसानों से बात की फिर गन्नौर अनाज मंडी पहुंचे। आढ़तियों ने बताया कि बारिश के कारण गेहूं में नमी है। इसी वजह से खरीद नहीं हो रही है। गोदाम से ट्रक लौटाए जा रहे हैं।
विधायक ने मौके पर अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने कहा कि तय मानक से ज्यादा नमी होने पर गेहूं खराब हो सकता है। फिर भी कोशिश करेंगे कि किसानों को परेशानी न हो। आढ़तियों ने बारदाना की कमी की बात रखी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि मंडी में किसानों और आढ़तियों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
रविवार को गन्नौर मंडी में खरीद नहीं, बल्कि लिफ्टिंग होती है। अब तक मंडी और सेंटरों पर 2 लाख 24 हजार 930 क्विंटल गेहूं पहुंच चुका है। शुरू में नमी के कारण ट्रक लौटाए गए थे। अब स्थिति सामान्य है। -जगबीर कादियान, सचिव, मार्केट कमेटी।
रविवार को एचडब्ल्यूसी की तरफ से 50 हजार बैग का उठान किया गया है। अब मौसम साफ है। एजेंसियों की तरफ से गेहूं का उठान तेजी से किया जाएगा। -ज्योति, सचिव, मार्केट कमेटी, सोनीपत
फोटो 27: सोनीपत अनाज मंडी में लगा गेहूं का ढेर। संवाद- फोटो : संवाद