बाल दिवस विशेष:
हार्दिक ने ‘अर्थस्क्रेपर’ मॉडल से बताया कि जमीन के नीचे भी बस सकता है आधुनिक शहर
फोटो 01: ‘अर्थस्क्रेपर’ मॉडल की जानकारी देते बाल वैज्ञानिक हार्दिक।
संवाद
प्रदीप कौशिक
सोनीपत। बच्चों की कल्पनाशक्ति और वैज्ञानिक सोच में भविष्य की कई संभावनाएं छिपी होती हैं। बाल दिवस के अवसर पर ऐसी ही प्रतिभा का उदाहरण बाल वैज्ञानिक हार्दिक ने प्रस्तुत किया है। हार्दिक ने जिला एवं राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में ‘अर्थस्क्रेपर’ नामक मॉडल के माध्यम से भविष्य के शहरों की नई तस्वीर पेश की है। उनका मॉडल बताता है कि आने वाले समय में शहरों का विकास केवल ऊंची इमारतें बनाकर ही नहीं, बल्कि धरती के नीचे भी आधुनिक सुविधाएं विकसित करके किया जा सकता है।
विज्ञान प्रदर्शनी की केंद्रीय थीम ‘विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रण एवं गणित (स्टेम)’ और उप-विषय ‘उभरती प्रौद्योगिकियां’ के तहत तैयार किए गए इस मॉडल में भूमिगत शहर की अवधारणा को दर्शाया गया है। तेजी से बढ़ती आबादी के कारण शहरों में जमीन की कमी हो रही है। ऐसे में हार्दिक ने धरती के नीचे उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने का विचार प्रस्तुत किया है।
हार्दिक का यह मॉडल भविष्य में बढ़ते शहरीकरण, जमीन की कमी और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों का नया समाधान तलाशने की सोच को दर्शाता है। जिला एवं राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उनकी सहभागिता उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा और रचनात्मकता का परिचायक है। बाल दिवस पर उनका यह प्रयास दूसरे विद्यार्थियों को भी विज्ञान के माध्यम से नई खोज और नवाचार करने के लिए प्रेरित करता है।
कम जगह में अधिक सुविधाओं की कल्पना
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन में 12वीं कक्षा के छात्र हार्दिक ने अपने मॉडल के माध्यम से बताया कि धरती के नीचे आवास, कार्यालय और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे जमीन की कमी की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। धरती के भीतर तापमान अपेक्षाकृत स्थिर रहने के कारण गर्मियों में भवनों को ठंडा रखने और ऊर्जा की खपत कम करने में भी मदद मिल सकती है।
भूमिगत भवनों में भी पहुंचेगी हवा व रोशनी
मॉडल में यह भी दिखाया गया है कि भूमिगत भवनों में हवा और रोशनी पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा सकती है। पानी को अंदर आने से रोकने और भवनों को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह धरती के नीचे भी लोगों को रहने और काम करने के लिए सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।