सोनीपत के मालवीय नगर में मोबाइल टावर की प्रॉपर्टी सील करते नगर निगम के क्षेत्रीय कर अधिकारी राज
सोनीपत। नगर निगम बकाया गृहकर जमा न करने वाले प्रॉपर्टी मालिकों पर शिकंजा कस रहा है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन सीलिंग की कार्रवाई जारी रखी। निगम के क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने मालवीय नगर में कार्रवाई करते हुए मोबाइल टावर की प्रॉपर्टी को सील कर दिया। उस प्राॅपर्टी पर 4.54 लाख रुपये बकाया है। निगम अधिकारी का कहना है कि बकायेदारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके बाद बिजली निगम की टीम शहर के छोटूराम चौक स्थित पीएनबी शाखा में पहुंची। पीएनबी शाखा पर 4.30 लाख रुपये बकाया गृहकर है। इस दौरान बैंक प्रबंधक ने गृहकर जमा कराने के लिए दो दिन का समय मांगा है। इसके बाद निगम की टीम ककरोई रोड पर स्थित बैंक्वेट हॉल पर गई। बैंक्वेट हॉल पर 4.43 लाख रुपये बकाया गृहकर है। बैंक्वेट हॉल के मालिक ने बकाया गृहकर जमा कराने के लिए एक दिन का समय मांगा।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से वर्ष 2010-11 से 31 मार्च 2023 तक के बकाया गृहकर के ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। इसके लिए प्राॅपर्टी मालिकों को 31 मार्च तक बकाया गृहर जमा करना होगा। नगर निगम कार्यालय में अब तक 15.65 करोड़ रुपये गृहकर जमा हो पाया है, जबकि नगर निगम ने चालू वित्त वर्ष में 30 करोड़ रुपये वसूल करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ ने बताया कि नगर निगम की ओर से गृहकर जमा न कराने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।