पानी के बिल के बहाने भेजी एपीके फाइल, लिंक डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पानी का बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की धमकी देने वाला मैसेज शहरवासी के लिए भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी एपीके लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और बैंक खाते से 24.72 लाख रुपये उड़ा दिए।
आर्य नगर निवासी जोगिंद्र ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 7 मई को उनके मोबाइल पर एक संदेश आया। उसमें लिखा था कि यदि रात 9:47 बजे से पहले पानी का बिल जमा नहीं किया गया तो उनका पानी का कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा।
इसके कुछ देर बाद उन्हें व्हाट्सएप नंबर से एक एपीके फाइल का लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक वेबसाइट पर पहुंच गए, जहां उन्होंने अपनी जानकारी भरकर डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान कर दिया।
पीड़ित के अनुसार भुगतान करने के तुरंत बाद उनके बैंक खाते से लगातार रकम कटनी शुरू हो गई। इतना ही नहीं उनके मोबाइल की कॉल और मैसेज भी दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। साइबर ठगों ने अलग-अलग 14 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 24, 72, 339 रुपये निकाल लिए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खोले गए खातों में रकम ट्रांसफर कर ली। ठगी का पता लगने पर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।