फोटो 07- सोनीपत के खरखौदा में गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीणों को दादा कुशाल सिंह की 350वीं जय
खरखौदा। विधायक पवन खरखौदा ने रविवार को हलका के कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को 14 नवंबर को राई एजुकेशन सिटी में होने वाले दादा कुशाल सिंह की 350वीं जयंती समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमारे इतिहास, संस्कृति व परंपराओं से जुड़ी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है।
विधायक पवन खरखौदा ने गांव गोपालपुर, थाना कलां, थाना खुर्द, बिधलान, चौलका, मंडोरा, मंडौरी, कंवाली व मोहम्दाबाद का दौरा किया। ग्रामीणों को कहा कि दादा कुशाल सिंह ने समाज को एकता, साहस व सेवा का संदेश दिया था। उनकी जयंती केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प भी है।
उन्होंने ग्रामीणों से काफी संख्या में समारोह में पहुंचने का आह्वान किया। दादा कुशाल सिंह जैसे महान व्यक्तित्वों की जयंती आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक संस्थाएं व शिक्षण संस्थान भी भाग लेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। इनमें सड़क, पानी व निकासी से जुड़ी मांगें शामिल रहीं। विधायक पवन ने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ेगी। जनता की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।