फोटो: गन्नौर के खेड़ी गुर्जर गांव में विकास कार्यों का शिलान्यास करते विधायक। स्रोत: प्रवक्ता
गन्नौर। विधायक देवेंद्र कादियान ने बुधवार को खेड़ी गुर्जर और खिजरपुर अहीर माजरा गांव में करीब 90 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
विधायक ने खेड़ी गुर्जर गांव में करीब 11 लाख रुपये की लागत से खेतों के दो रास्तों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वहीं खिजरपुर अहीर माजरा गांव में लगभग 76.46 लाख की लागत से लाइब्रेरी, रास्ता निर्माण, स्कूल सुंदरीकरण, एसडब्ल्यूएम शेड, जनरल चौपाल और तालाब के रिनोवेशन सहित कई विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इसके अलावा करीब 33 लाख की लागत से लाइब्रेरी, पशु अस्पताल के पास पार्क और तीन स्वागत द्वार बनाने की घोषणा भी की गई। विधायक ने कहा कि इन कार्यों की मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान ग्रामीणों ने अहीर माजरा से जफरपुर गांव को जोड़ने वाले रास्ते के निर्माण की मांग विधायक के सामने रखी। इस पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
कादियान ने कहा कि उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों से भी निर्माण कार्यों की निगरानी करने की अपील की गई।