गन्नौर। विधायक देवेंद्र कादियान ने मंगलवार को शहर में करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले तीन विकास कार्यों के निर्माण का शिलान्यास किया। इन विकास कार्याें में वार्ड-17 की रेलवे स्टेशन काॅलोनी में 56.12 लाख, बाबा दरबार कॉलोनी में 24.59 लाख रुपये की लागत से गलियां पक्की बनवाई जाएंगी। इसके अलावा गढ़ी झंझारा रोड से एसटीपी तक वार्ड-2 में 59.51 लाख रुपये खर्च कर स्ट्रॉम वाटर लाइन दबवाई जाएगी।
विधायक कादियान ने कहा कि क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहेगी। जिस भी वार्ड में विकास कार्य होने हैं, वहां के पार्षद उन कार्यों की निगरानी रखें। ठेकेदार को हिदायत दी गई कि निर्माण कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष अरुण त्यागी, सरपंच मंजीत कुमार, नपा सचिव पवित्र गुलिया, एमई जयदेव शर्मा, पार्षद शमशेर सैनी, कृष्ण टांक, सचिन, नरेश, अंकित मल्होत्रा, अरुण बजाड़ व सुभाष रोहिल्ला मौजूद रहे।
नपा में कर्मियों की संख्या बढ़ाने की सरकार से करेंगे मांग
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सफाई कर्मियों की संख्या में इजाफा नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र में सफाई को लेकर कर्मचारियों की संख्या बढ़वाने के लिए जल्द सरकार से मांग की जाएगी। दिवाली तक शहर को पूरी तरह जगमग करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य मार्गों पर लड़ियां लगवाई जाएंगी।
132 दिव्यांग जनों व बुजुर्गों को बांटे सहायक उपकरण
गन्नौर। एल्मिको आसरा सोनीपत की ओर से गांव पिपली खेड़ा व दातौली के दिव्यांग जनों व बुजुर्गों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्यातिथि के रूप में विधायक देवेंद्र कादियान ने गांव पिपली खेड़ा में 52 दिव्यांग व दातौली में 80 बुजुर्गों को बैटरी व्हीलचेयर, डोगा, कान मशीन, साधारण व आधुनिक व्हीलचेयर, कमर बेल्ट, बाथरूम चेयर जैसे उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्मिको आसरा के संचालक प्रवीन लांबा ने की। कार्यक्रम में रेडक्रॉस से गौरव, रामकरण, जयदीप मलिक, नीरज, हरबीर, मिंटा, शिवकुमार, रणधीर गिरी, बल्ली, तारा गिरी व गोपी मौजूद रहे।