संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मिशन बुनियाद के तहत तीसरे चरण की परीक्षा में उत्तीर्ण जिले के 173 विद्यार्थियों के लिए शनिवार को मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर काउंसिलिंग का आयोजन किया गया। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक काउंसिलिंग चली।
विद्यार्थियों के स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र (एसएलसी) जमा करने के साथ दस्तावेजों की जांच कर उन्हें आसपास के केंद्र आवंटित किए गए। अनुपस्थित रहने वाले 27 विद्यार्थियों को 5 मई तक का अवसर दिया गया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों व माता-पिता के आधार कार्ड, कक्षा 8वीं का शैक्षिक प्रमाणपत्र, स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र (एसएलसी), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), जाति प्रमाणपत्र की जांच की गई।
काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद विद्यार्थियों को उनके आसपास के लगते बुनियाद केंद्र आवंटित किए गए। वहां पर उन्हें आगे की तैयारी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित चार बुनियाद केंद्रों पर 50-50 सीट दाखिले के लिए आरक्षित की गई हैं।
फिलहाल दाखिले से वंचित चयनित विद्यार्थी 5 मई तक अपने घर के आसपास लगते बुनियाद केंद्रों पर दाखिला पा सकते हैं। इसके बाद अगर केंद्रों पर सीटें बचती हैं, तो जिले में वेटिंग लिस्ट में रखे गए 98 विद्यार्थियों को दाखिले का मौका दिया जाएगा।
किस बुनियाद केंद्र पर कितने विद्यार्थियों को मिला दाखिला
-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गन्नौर : 14
-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोहाना : 43
-राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, सोनीपत : 41
-राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीसवांमील : 48
नीट और जेईई की निशुल्क कोचिंग के साथ मिलेंगे कई सुविधाएं
मिशन बुनियाद का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों की शैक्षणिक नींव मजबूत करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की दो वर्ष की निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है ताकि वह प्रारंभिक स्तर से ही अपनी मजबूत तैयारी कर सकें।
वर्जन
जिले के 173 में से 146 विद्यार्थियों की काउंसिलिंग प्रक्रिया के बाद चार जगह केंद्र आवंटित कर दिए हैं। ब्लॉक खरखौदा में 5वां बुनियाद केंद्र बनाया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल खरखौदा के लिए 9 विद्यार्थियों के ही दाखिले सामने आए हैं। अगर विद्यार्थियों की संख्या में 30 संख्या तक इजाफा होता है तो खरखौदा में नया बुनियाद केंद्र शुरू करवाया जाएगा। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी