सोनीपत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जारी की गई पहली वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया का बुधवार को अंतिम दिन रहेगा। सोनीपत आईटीआई में जारी की गई पहली वरीयता सूची में 34 ट्रेडस के लिए 467 विद्यार्थियों का नाम शामिल किया गया था। सूची में शामिल विद्यार्थियों के पास फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित करने का बुधवार को अंतिम अवसर रहेगा।
जिले की 13 आईटीआई की करीब 3956 सीटों पर दाखिले के लिए 07 जून को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसकी अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई थी। हालांकि अंतिम तिथि तक अधिकतर आईटीआई की कई ट्रेड्स में निर्धारित सीटों से भी कम आवेदन पहुंचे थे। इसे देखते अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई थी। विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि को चार दिन बढ़ाते हुए 25 जून कर दिया था। अंतिम तिथि तक चुनिंदा ट्रेड्स में ही निर्धारित सीटों से कई गुणा अधिक आवेदन पहुंचे, जबकि कुछ ट्रेडस से विद्यार्थियों ने दूरी बनाए रखी। 28 जून को पहली वरीयता सूची जारी की गई थी। जिसमें 467 विद्यार्थियों का नाम शामिल किया गया था।
04 जुलाई को जारी की जाएगी रिक्त सीटों की सूची
आईटीआई में जारी की गई पहली वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो जाएगी। इसके बाद 04 जुलाई को रिक्त रही सीटों की सूची जारी की जाएगी। पहली सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम नहीं आया था। उन्हें दूसरी वरीयता सूची का बेसब्री से इंतजार है। विभाग की तरफ से दूसरी वरीयता सूची 09 जुलाई को जारी की जाएगी। इसमें शामिल विद्यार्थियों को फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए चार दिन का समय मिलेगा।
वर्जन
सोनीपत आईटीआई में 28 जून को जारी की गई पहली वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों के पास अपना दाखिला सुनिश्चित करवाने का बुधवार को अंतिम दिन रहेगा। 04 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची और 09 जुलाई को दूसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी।
- विक्रम सिंह, प्राचार्य, आईटीआई, सोनीपत