सोनीपत में लूट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। इस कड़ी में ठेकेदार से लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने घटना का अंजाम दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
सोनीपत के नेशनल हाईवे-44 के पास गांव नांगल खुर्द अड्डे पर परचून की दुकान में बैठकर चाय पी रहे ठेकेदार पर पिस्तौल तानकर तीन बदमाश उनकी कार लूटकर भाग गए। बाइक सवार तीन युवकों में से एक ने सिर पर हेलमेट लगा रखा था। पीडि़त ने देर रात मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
गांव कामी निवासी रविंद्र ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह पंचायती राज और नगर पालिका के काम ठेके पर लेकर पूरा कराते हैं। वह रविवार रात साढ़े दस बजे अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर गांव नांगल खुर्द अड्डे पर स्थित जयकुमार की परचून की दुकान पर गए थे। उनके साथ उनका दोस्त रोहतक के गांव हुमायूंपुर का अरविंद्र भी था। दोनों जयकुमार की दुकान पर बैठकर चाय पीने लगे। इसी बीच बाइक सवार तीन युवक दुकान के बाहर पहुंचे।
उनमें से एक युवक ने पूछा कि कौन सा गांव है। इतना कहते ही उसके दूसरे साथी ने पिस्तौल निकाल लिया। उन्होंने उन पर पिस्तौल तान दी और कार की चाबी छीन ली। इसके बाद युवक उनकी कार को लेकर भाग गए। उनका साथी बाइक ले गया। पीडि़त ठेकेदार ने रात को पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची मुरथल थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
अधिकारी के अनुसार
गांव नांगल खुर्द के पास पिस्तौल दिखाकर कार लूट की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है। -इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल।