कटवाल गांव के पास बृहस्पतिवार को अज्ञात लोगों द्वारा माइनर काटने से किसानों की करीब 40 एकड़ फसल जलमग्न हो गई। माइनर कटने की सूचना मिलने पर किसानों ने एकत्रित होकर सिंचाई विभाग के माइनर इंचार्ज और पुलिस को फोन किया।
कर्मचारियों और पुलिस को मौके पर पहुंचते देख मानइर काटने वाले लोग चप्पल, दो बाइक और कस्सी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों बाइकों समेत अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। किसानों ने खराब हुई फसल का मुआवजा देने की मांग की है।
माइनर के समीप लगती गांव कटवाल के जमीन के मालिक किसान जीता, राजेश, आनंद और हंसराज ने बताया कि पहले भी दो बार माइनर को तोड़ा जा चुका है। अब तीसरी बार फिर से बृहस्पतिवार रात को माइनर उनकी खेतों के पास से काट दिया गया। उन्होंने कहा कि रात को करीब 12 बजे उन्हें माइनर के तोड़े जाने की सूचना मिली, इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचकर देखा तो कुछ लोग भाग रहे थे।
ज्यादा संख्या में किसानों को देखकर अज्ञात लोग अपनी दो बाइक और चप्पल के अलावा कस्सी को मौके पर छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने के बाद कटवाल माइनर इंचार्ज महेंद्र सिंह मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे थे। पुलिस ने दोनो बाइक के साथ अन्य सामान अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। किसानों ने कहा कि माइनर के तोड़ने से उनकी धान की 40 एकड़ फसल खराब हो गई है। किसानों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के अलावा उनको मुआवजा देने की मांग करते हुए भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए पुलिस गश्त की मांग भी की।