फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतक रोड को ककरोई रोड से जोड़ने के लिए बनेगा मिनी बाईपास

विज्ञापन
निगम की बैठक में बजट पेश होने के बाद चर्चा करते पार्षद। संवाद - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
सोनीपत। नगर निगम ने बजट में शहर के लोगों को बड़ी सौगात दी है। शहर के लोगों को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए रोहतक रोड से ककरोई रोड तक पांच फुट चौड़े मिनी बाईपास का निर्माण किया जाएगा। वहीं नगर निगम अपनी खाली पड़ी जमीन पर सेक्टर की तर्ज पर आवासीय कालोनियां विकसित करेगा। नगर निगम अपना खुद का वाणिज्यिक सेक्टर भी विकसित करेगा। जिससे निगम को अच्छी खासी आय होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

नगर निगम ने स्टाफ कर्मियों के लिए क्वार्टर बनाने का भी निर्णय लिया है जो मुरथल विश्वविद्यालय के पीछे खाली जमीन पर बनाएं जाएंगे। वहीं, खुद का पेट्रोल पंप (फिलिंग स्टेशन) खोल कर भी आय कमाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। सेक्टर की तर्ज पर सोसायटी बसाने के लिए नगर निगम ने रेवली के पास 80 एकड़ जमीन और बैंयापुर के पास की अपनी खाली जमीन को चिह्नित किया है। नगर निगम इस जमीन को भूखंड में विभाजित कर बेचेगा। इससे नगर निगम को 100 करोड़ रुपये से ऊपर की आमदनी होने की उम्मीद है। इस पैसे नगर निगम अपने क्षेत्र का विकास करेगा। नगर निगम अधिकारियों ने हाउस की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा। जिस पर पार्षदों ने सहमति जताई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना पर काम शुरू हो सकेगा।
शहर के लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। रेलवे लाइन पार क्षेत्र के लोगों को सेक्टर-23 की ओर से जाने के लिए सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से होकर गुजरना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम की हाउस बैठक में रोहतक रोड से ककरोई रोड तक मिनी बाईपास का निर्माण कराने का प्रस्ताव पास किया गया। जिस पर करीब पौने दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। मिनी बाईपास के लिए छह पार्षदों के कोटे के विकास कार्यों के लिए मिलने वाले बजट से 35-35 लाख रुपये काटे जाने का भी निर्णय लिया गया।
विज्ञापन

पेट्रोल पंप लगाने पर मंथन
बैठक में मेयर निखिल मदान ने निगम का अपना खुद का पेट्रोल पंप लगाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर पार्षदों ने सहमति जताई है। दरअसल नगर निगम अपने वाहनों, जनरेटरों के पेट्रोल-डीजल पर सालाना डेढ़ करोड़ रुपये तक खर्च करता है। ऐसे में नगर निगम अपने जरिए ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये सालाना कमाई कर सकता है। वहीं, पेट्रोल पंप से अन्य वाहन चालक भी पेट्रोल- डीजल खरीदेंगे तो आय का नया साधन मिलेगा। वहीं, मुरथल विवि के पास स्टाफ के लिए क्वार्टर बनाने के प्रस्ताव पर भी पार्षदों से सहमति जताई है। स्टाफ क्वार्टर के निर्माण पर निगम की ओर से पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
-
236.05 करोड़ की आय का लक्ष्य, खर्च होंगे 197 करोड़
शहर के विकास को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से नए वित्त वर्ष के लिए बजट पेश किया है। नगर निगम वित्त वर्ष में 236.05 करोड़ रुपये कमाएगा, जबकि 197 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नगर निगम गृहकर के रूप में 25 करोड़ रुपये, स्टांप ड्यूटी से 20 करोड़, जमीन बिक्री व लीज चार्ज से 10 करोड़, किराये से एक करोड़ 10 लाख रुपये, फिक्स डिपोजिट (एफडी) पर लगाने वाले ब्याज से आठ करोड़, विकास शुल्क से 10 करोड़ रुपये कमाएगा। इसके अलावा अन्य स्रोत से भी नगर निगम को आय होगी। जबकि इसमें से 197 रुपये विभिन्न मदों में खर्च होंगे। निगम की ओर से 305 करोड़ रुपये का बजट बनाया गया था। उसमें कर्मचारियों व अधिकारियों का वेतन शामिल था। सरकार के निर्देश के बाद निगम की होने वाली आय 305 करोड़ से वेतन के 79 करोड़ रुपये अलग निकाले है। जिससे 236.05 करोड़ रुपये आय दर्शाई जाएगी।
-
यह प्रस्ताव पास कराए गए
हाउस की बैठक में मेयर निखिल मदान, विधायक सुरेंद्र पंवार, विधायक मोहनलाल बड़ौली व विधायक जयवीर सिंह के समक्ष पार्षदों की सर्वसम्मति से पारित किए गए।
- निगम क्षेत्र में एक शहीद चौक बनाया जाएगा।
- प्रॉपर्टी सर्वे में बिलों से संबंधित सभी खामियों को वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर दूर किया जाएगा।
- जेबीएम कंपनी की कार्य प्रणाली का दैनिक स्तर पर निरीक्षण किया जाएगा। मेयर, निगमायुक्त व पार्षदों की ओर से कंपनी की सभी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की सूची, हेल्परों की नियुक्ति और सफाई कर्मचारियों की संख्या का रोजाना मिलान किया जाएगा। खामियां पाए जाने पर कंपनी का ठेका रद्द करने एवं ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी।
- शहर में कूड़ा डालने के सभी सेकेंडरी (बड़े) प्वाइंट्स को बंद कर प्राइमरी डंपिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे, तब तक जेबीएम कंपनी को बिजली उत्पादन के लिए 1.70 करोड़ रुपये निगम द्वारा हर माह भुगतान नहीं किया जाएगा।
- गीता भवन चौक, ककरोई चौक, आईटीआई चौक, कालूपुर चुंगी चौक, सेक्टर 12, 14-15 चौक, कच्चे क्वार्टर और सेक्टर 14 मार्केट का सुंदरीकरण होगा।
- रेवली गांव में चार एकड़ में ग्रामीणों की सुविधा के लिए पार्क निर्माण कराया जाएगा।
- गीताभवन चौक पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन (बारिश पानी निकासी लाइन) बिछाई जाएगी।
-निगम क्षेत्र के सभी गांवों में बारिश के मौसम से पहले सभी तालाबों की सफाई कराई जाएगी।
- निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट उपलब्ध करवाने के लिए मेयर के साथ सभी विधायकों द्वारा इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा।
- बंदेपुर के सरकारी स्कूल के साथ से मैप्सको सिटी में जाने वाले 33 फुट के रास्ते का निर्माण किया जाएगा।
- वेस्ट राम नगर की सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में नई सीवर लाइन व स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाई जाएगी।
वर्जन
नए वित्त वर्ष के लिए नगर निगम ने 305 करोड़ के आय का लक्ष्य रखा है। वहीं 197 करोड़ रुपये विकास कार्यों व अन्य मदों पर खर्च भी होंगे। रोहतक रोड से ककरोई रोड तक मिनी बाईपास बनाने के साथ आवासीय कॉलोनी और स्टाफ क्वार्टर बनाने का भी प्रस्ताव पारित हुआ है। साथ ही पेट्रोल पंप लगाने को लेकर भी सहमति बनी है।
विज्ञापन

- निखिल मदान, मेयर, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें