खरखौदा। अस्पताल में इलाज करवाने के लिए जा रहा दंपती सड़क हादसे का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि व्यक्ति के तीन ऑपरेशन हुए हैं। घायल दंपती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
गांव जटोला निवासी बलजीत ने बताया कि वह अपनी पत्नी निर्मला के साथ 10 फरवरी को घर से सैदपुर स्थित अस्पताल में जाने के लिए निकले थे। आरोप है कि वह जब बाइक पर खुंभी फार्म के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार में आ रही एक दूध वैन के चालक अतुल ने अचानक कट मारकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह और उनकी पत्नी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें को इलाज के लिए दिल्ली के पूठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से दोनों घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग निजी अस्पतालों ले जाया गया। बलजीत ने बताया कि हादसे के बाद उनके तीन ऑपरेशन हुए हैं। उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। बलजीत की शिकायत पर पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।