फोटो : सोनीपत लघु सचिवालय में प्रदर्शन करती मिड-डे मील कार्यकर्ता। संवाद
सोनीपत। मिड-डे मील कार्यकर्ता यूनियन ने 28 हजार रुपये मासिक वेतन और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय में धरना दिया। बाद में यूनियन पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा। मांगें ने पूरी होने पर 24 जून को भिवानी में प्रदेशस्तरीय रैली करने की चेतावनी दी।
एआईयूटीयूसी के राज्य सचिव हरिप्रकाश ने कहा कि मिड-डे मील कार्यकर्ता कम मानदेय पर काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों में उनसे निर्धारित कार्यों के अलावा अतिरिक्त काम भी कराया जाता है लेकिन उन्हें न तो सरकारी कर्मचारी और श्रमिक के रूप में मान्यता मिली है।
सचिव ने मांग की कि मिड-डे मील कार्यकर्ताओं को न्यूनतम 28 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए और 10 माह के बजाय पूरे 12 माह का वेतन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रधान बलवान सिंह, सचिव बलबीर सिंह और उपप्रधान इंद्र सिंह ने कहा कि स्कूलों में कार्यकर्ताओं से अतिरिक्त कार्य लिए जाने पर रोक लगाई जानी चाहिए। इस दौरान एआईकेकेएमएस के जिला प्रधान हंसराज राणा, यूनियन की जिला प्रधान रेखा, धनपति, गीता और संजू मौजूद रहीं।