फोटो 03: सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित एचएसवीपी कार्यालय पर धरना देते कर्मचारी। स्रोत: मंच
सोनीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर वीरवार को तीसरे दिन धरना दिया। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के बैनर तले कर्मचारी एकत्रित हुए। वीरवार को उनको मिड-डे मील वर्कर हेल्पर कुक यूनियन की प्रधान मीना सैनी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया।
धरने की अध्यक्षता मिड-डे मील वर्कर हेल्पर कुक यूनियन की जिला प्रधान मीना सैनी व हुड्डा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन 1266 के जिला सचिव समेश कुमार ने की। संचालन ध्रुव कुमार व सतीश कुमार ने किया।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि परियोजना कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये किया जाए। बेगार के कार्य न लिए जाएं। उन्हें 10 के बजाय 12 महीने का वेतन दिया जाए। प्रत्येक महीने की 7 तारीख तक मानदेय दिया जाए।
इस दौरान मंच के प्रदेश महासचिव आरके नागर, सरोज देवी, सुनीता, मीनू, बाला, रेखा, सुरेश रोहिल्ला, बिजेंद्र रिवाल, सुरेंद्र रंगा, राजकुमार, राजेंद्र राठी, सुनील चौहान भी मौजूद रहे।