फोटो 01- सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय खेल पत्रकारिता दिवस पर
सोनीपत। राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय खेल पत्रकारिता दिवस पर डिजिटल युग की पत्रकारिता : खेल रिपोर्टिंग का नया चेहरा विषय पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में खेल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, तकनीकी नवाचारों व डिजिटल माध्यमों के प्रभाव पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि खेल पत्रकारिता ने न केवल खेलों की लोकप्रियता को बढ़ाया है, बल्कि खिलाड़ियों की प्रेरणादायक कहानियों को जन मानस तक पहुंचाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में डिजिटल मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता प्रभावशाली, रोमांचक व व्यापक हो गई है। रजिस्ट्रार जसविंद्र सिंह ने कहा कि खेल पत्रकारिता समाज को जागरूक व प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को खेल पत्रकारिता की बारीकियों को समझने, इसके तकनीकी पहलुओं प्रसारण, पत्रकारिता शैली व कंटेंट निर्माण के बारे में जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय की ओर से स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा संबंधी जानकारी भी दी गई। कुलपति ने बताया कि यह प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है, जो इस विशेष कोर्स को संचालित कर रहा है। इच्छुक विद्यार्थी 15 जुलाई तक इस पाठ्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं।