फोटो 03- सोनीपत के लघु सचिवालय में एचएमआरटीसी, डीएमआरसी व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करते
सोनीपत। दिल्ली के नरेला से कुंडली-नाथूपुर तक प्रस्तावित दिल्ली मेट्रो के विस्तार को योजना पर काम शुरू हो गया। रिठाला से जिला में हो रहे मेट्रो के विस्तार को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी), दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
कुंडली और नाथूपुर में बनेंगे स्टेशन
बैठक में रिठाला-नरेला-नाथूपुर मेट्रो विस्तार को लेकर कई फैसले लिए गए। मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर कमेटी गठन का निर्देश दिया गया और अधिकारियों को साइट का दौरा कर 23 फरवरी से पहले रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। नरेला से सोनीपत तक भी 2.72 किलोमीटर मेट्रो का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए कुंडली व नाथूपुर में मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे सोनीपत से दिल्ली आवागमन करने वाले यात्रियों को ज्यादा लाभ मिल सकेगा।
ढेसी ने रिठाला-नाथूपुर मेट्रो के लिए बाधाएं दूर करने को लेकर मंथन करते हुए डीएमआरसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मेट्रो परियोजना के लिए जो डीपीआर बनाई है, अगर उसमें कोई निजी या सरकारी जमीन अधिग्रहण करवानी है तो इसकी रिपोर्ट एचएमआरटीसी को सौंपे। कहीं पर सड़क, बिजली के खंभों या पेड़ों को हटाना है तो इसकी भी रिपोर्ट एचएमआरटीसी को सौंपे ताकि इन बाधाओं को समय से दूर किया जा सके और मेट्रो का कार्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक में रोहतक उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा, एचएमआरटीसी के सलाहकार एसडी शर्मा, नगर निगम के आयुक्त हर्षित कुमार, एसडीएम सुभाष चंद्र, डीएमआरसी से डीएम राजशेखर, डीटीपी अजमेर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।