फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेट्रो परियोजना : लाइन बिछाने को नरेला में मिट्टी की जांच शुरू, कुंडली में जल्द होगा काम

Sat, 25 Jan 2025 02:21 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 40: सोनीपत जिला से सटे नरेला में मेट्रो लाइन बिछाने के लिए मिट्टी की जांच के दौरान डीएमआरस
विज्ञापन
सोनीपत। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से कुंडली व नाथूपुर तक लाइन बिछाने के लिए धरातल पर काम शुरू कर दिया गया है। सोनीपत से सटे नरेला में लाइन बिछाने को मिट्टी की जांच शुरू हो चुकी है। कुंडली में भी काम जल्द शुरू हो जाएगा। दिल्ली मेट्रो के विस्तार परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सोनीपत के लोग नाथूपुर व कुंडली से मेट्रो में बैठकर दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद व उत्तर प्रदेश के नोएडा तक सफर कर सकेंगे।
विज्ञापन

रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण पर 6230 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रिठाला-नरेला-कुंडली कॉरिडोर 26.463 किलोमीटर का होगा, इसमें 21 स्टेशन एलिवेटेड पर बनाए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव के एलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधारशिला रखी थी। दिल्ली मेट्रो का यह नया रूट न केवल दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि कुंडली और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन को भी सुगम बनाएगा। इस रूट से नरेला, कुंडली और नाथूपुर जैसे क्षेत्रों को सीधा मेट्रो कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

मेट्रो का विस्तार होने से यह दिल्ली के मध्य से हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला पहला कॉरिडोर होगा। गुरुग्राम, फरीदाबाद व बहादुरगढ़ के बाद प्रदेश में मेट्रो का चौथा विस्तार किया जाएगा। रेल लाइन बिछाने के लिए रास्ते में बाधा बन रहे बिजली और टेलीफोन के खंभे हटाए जाएंगे। डीएमआरसी की ओर से पहले ही इन क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा चुका है और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। नरेला में खोदाई से पहले मिट्टी की जांच शुरू हो चुकी है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अस्थायी रूप से लोहे की चादरें लगाई जा रही हैं। इससे स्थानीय निवासियों और सड़क पर आवागमन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
विज्ञापन


सोनीपत से काफी व्यक्ति नौकरी, कामधंधे, पढ़ाई और अन्य कार्य से ट्रेन के जरिए दिल्ली जाते हैं। लोगों को मेट्रो में सफर करने के लिए समयपुर बादली या सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है। मेट्रो परियोजना कुंडली और नरेला जैसे क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। यह कनेक्टिविटी न केवल यात्रियों के लिए समय और पैसा बचाएगी, बल्कि रियल एस्टेट, व्यापार और स्थानीय उद्योगों को भी बढ़ावा देगी। यह रूट लोगों को दिल्ली के अन्य हिस्सों से कुशलता से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र की विकास दर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।



मेट्रो परियोजना के विस्तार के लिए नरेला में खोदाई से पहले मिट्टी की जांच शुरू हो चुकी है। कुंडली व नाथूपुर में जल्द ही काम शुरू जाएगा। इस परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

- अनुज दयाल, प्रमुख कार्यकारी निदेशक, दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें