फोटो : सोनीपत के चालक प्रशिक्षण संस्थान, मुरथल में नशे के विरुद्ध जागरूक करते हरियाणा राज्य नार
सोनीपत। हरियाणा राज्य परिवहन के अंतर्गत चालक प्रशिक्षण संस्थान मुरथल में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षु चालकों व कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों, कारणों और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
चालक प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी बलविंद्र गुप्ता ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को खोखला करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है।
नशा सड़क दुर्घटनाओं, अपराधों व पारिवारिक विघटन का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि चालक समाज की सुरक्षा से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए उनका नशामुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। जागरूक और जिम्मेदार चालक न केवल अपनी बल्कि अनेक लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
उन्होंने चालकों को हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से संचालित हेल्पलाइन 1933 के बारे में भी जानकारी दी। अंत में सभी प्रशिक्षु चालकों व कर्मचारियों ने नशा न करने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने की शपथ ली।