फोटो : सोनीपत के खरखौदा में तहसीलदार बिजेंद्र नांदल को ज्ञापन सौंपते भाकियू सदस्य। स्रोत: यूनिय
खरखौदा। भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धपुर) ने हांसी जिले के चानौत गांव की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार बिजेंद्र को सौंपा। इसमें मांग की है कि खानपुर वाटर वर्क्स से हांसी सिटी जाने वाली 36 इंची मुख्य पेयजल पाइपलाइन से चानौत गांव को 6 इंच का कनेक्शन देकर अमृत-2 योजना से जोड़ा जाए।
यूनियन के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश, विकास, रामकरण, राजबीर, जयप्रकाश, रामकंवार आदि ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि चानौत गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले करीब 50 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।
भीषण गर्मी के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी आंदोलन में शामिल हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अमृत-2 योजना के प्रावधानों के अनुसार मार्ग में आने वाले गांवों को भी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे हांसी शहर की जलापूर्ति प्रभावित नहीं होगी, जबकि चानौत गांव को स्थायी रूप से स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा।
साथ ही अलग मोटर, फीडर और नई पाइपलाइन की जरूरत नहीं पड़ेगी जिससे सरकार के करीब तीन करोड़ रुपये की बचत भी होगी।