खरखौदा। गोवंश संरक्षण और गो-आधारित अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र के संत समाज, गोसेवकों और ग्रामीणों ने एसडीएम अमित कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हरियाणा में देशी गोवंश की विधिवत सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि राज्य स्तर पर देशी गोवंश को राज्यमाता घोषित किया जाए और केंद्र सरकार को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की अनुशंसा भेजी जाए। इसके अलावा गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने, गो तस्करी व वध पर कठोर दंडात्मक प्रावधान लागू करने व गोपालन के लिए अलग मंत्रालय स्थापित करने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन देने वालों ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती दुर्घटनाएं, कुपोषण और तस्करी के कारण गोवंश संकट में है। ऐसे में प्रत्येक गांव स्तर पर नंदीशाला और जिला स्तर पर गोशाला स्थापित करने, सड़कों पर घायल गोवंश के उपचार के लिए एंबुलेंस सुविधा शुरू करने व गो-आधारित जैविक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत है।