स्वास्थ्य विभाग के लाख प्रयासों के बावजूद भी शहर में गर्भपात और नशे की प्रतिबंधित दवाइयों के बेचने पर रोक नहीं लग पा रही है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को शहर बाबा-तराना रोड पर देखने को मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को बाबा-तराना रोड पर लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर से गर्भपात और नशे की प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा बरामद किया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया और एमटीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मंगलवार दोपहर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की और वहां से गर्भपात और नशे की प्रतिबंधित दवाइयों को जब्त कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। ड्रग इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें इस मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित दवाएं बेचे जाने की सूचना मिली थी। जिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, उसमें उप सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर, स्वास्थ्य निरीक्षक वीरेंद्र सिंह सहित अन्य भी मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर थाना सिविल लाइन के अंतर्गत सिक्का कॉलोनी चौकी टीम बुलाकर एमटीपी एक्ट के तहत मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।