सोनीपत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से मेडिएशन फॉर द नेशन और हरियाणा सामुदायिक मध्यस्थता कार्यक्रम के तहत गांव प्रीतमपुरा में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को आपसी विवादों के शांतिपूर्ण और त्वरित समाधान के लिए मध्यस्थता के प्रति जागरूक करना था।
पैनल अधिवक्ता इरा रानी और सामुदायिक मध्यस्थ सुनीता ने बताया कि मध्यस्थता एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के आपसी सहमति से विवादों को सुलझाया जा सकता है। यह प्रक्रिया न केवल समय और धन की बचत करती है बल्कि आपसी संबंधों को भी बनाए रखने में सहायक होती है।
वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनके संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। कानून उनके हितों की रक्षा करता है। कार्यक्रम में 50 ग्रामीणों ने भाग लिया।