सोनीपत। दिल्ली रोड पर स्थित नागरिक अस्पताल के परिसर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) भवन का निर्माण कार्य पंख लगने के बाद भी उड़ान नहीं भर पा रहा है। एमसीएच भवन निर्माण के लिए पहले अक्तूबर 2024 में शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने में जहां तीन माह लगे, अब लोक निर्माण विभाग को दो माह से मुख्यालय से मिलने वाली अलॉटमेंट का इंतजार है। एमसीएच के निर्माण का मुद्दा विधानसभा सत्र के दौरान विधायक निखिल मदान भी उठा चुके हैं।
विभाग ने करीब 138.12 करोड़ रुपये से बनने वाले एमसीएच के भवन को लेकर जनवरी में टेंडर प्रक्रिया के बाद मुख्यालय को अलॉटमेंट के लिए फाइल भेजी थी, लेकिन वह पंचकूला मुख्यालय से हिलने का नाम नहीं ले रही है। अलॉटमेंट के लिए करीब एक माह का समय लगता है, जबकि इस बात को दो माह से ज्यादा समय बीत चुका है। इससे पहले टेंडर प्रक्रिया के दौरान भी विभाग को आचार संहिता जैसी बाधा का सामना करना पड़ा था।
अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से मंजूरी के बाद ही एमसीएच भवन का निर्माण शुरू किया जा सकता है। नागरिक अस्पताल में एमसीएच का सात मंजिला भवन तैयार कर 100 बेड की व्यवस्था की जानी है, ताकि आपातकाल के दौरान महिलाओं व बच्चों को अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की नौबत से बचा जा सके। मरीजों को एक ही जगह इलाज मिल सके।
दिसंबर 2022 में मिली थी प्रशासनिक मंजूरी
जिले में 26 जनवरी 1989 को नागरिक अस्पताल की सौगात मिली थी, लेकिन उच्च स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे एमसीएच की सुविधा से वंचित है। एमसीएच भवन निर्माण के लिए दिसंबर 2022 में प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद मुख्यालय ने जून 2023 में नक्शे को मंजूरी प्रदान की थी। इसके करीब दो साल तीन माह बाद भी कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
स्वास्थ्य सुविधा के साथ खुल सकते हैं रोजगार के मार्ग
एमसीएच के निर्माण के साथ सभी व्यवस्था की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। 100 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र बनाने के बाद इनमें महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच व देखभाल के लिए नए उपकरण लगाए जाने हैं। चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों व सहायकों की नियुक्ति की जानी है। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के मार्ग खुल सकते हैं। सात मंजिला भवन की बेसमेंट में पार्किंग स्थल बनना है। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बिजली व फायर फाइटिंग की व्यवस्था की जानी है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र के लिए टेंडर प्रकिया पूरी कर फाइल को मुख्यालय भेजा गया है। वहां से अलॉटमेंट के बिना एमसीएच का निर्माण शुरू नहीं किया जा सकता। जैसे ही मंजूरी मिलेगी काम शुरू करवाया जाएगा। -पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत।