फोटो 32- सोनीपत के गीता भवन स्थित जीवीएम स्कूल वोट की जांच करवाती ऋषि नगर निवासी आयशा। संवाद
सोनीपत। जिला में रविवार को नगर निगम के नए मेयर व खरखौदा नगरपालिका की नई सरकार के लिए के लिए हुए मतदान में तीन स्थानों पर फर्जी मतदान करने के आरोप लगाए गए। सोनीपत के मुरथल अड्डा स्थित बूथ नंबर 57 राजकीय कन्या विद्यालय, गीता भवन स्थित बूथ नंबर 98 जीवीएम स्कूल व खरखौदा की प्राथमिक पाठशाला में मतदान करने पहुंचे लोगों को पहले ही उनके वोट डालने का पता लगा। यह मतदाता मतदान करने से वंचित रह गए।
जटवाड़ा के जाटी तला निवासी धर्मपाल ने बताया कि उन्होंने अक्तूबर में हुए विधानसभा चुनाव में जटवाड़ा में बनाए गए मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला था। जब वह मेयर उपचुनाव के लिए जटवाड़ा में मतदान करने पहुंचे तो उन्हें मुरथल अड्डा स्थित बूथ नंबर 57 राजकीय कन्या विद्यालय में मतदान करने की बात कही गई। जब वह राजकीय कन्या विद्यालय में मतदान करने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि आपका वोट पहले डाला जा चुका है। धर्मपाल का आरोप है कि उन्होंने मतदान नहीं किया है, उनकी जगह किसी और ने उनका वोट डाला है। यह उनके मौलिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने मांग की, कि उनका वोट डलवाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
वहीं ऋषि नगर निवासी आयशा ने बताया कि वह मतदान करने के लिए गीता भवन स्थित बूथ नंबर 98 जीवीएम स्कूल में पहुंचीं तो पता चला कि उनकी जगह पहले ही कोई मतदान कर जा चुका है। आयशा ने मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। थोड़ी देर के बाद आयशा वापस लौट गई।
वहीं खरखौदा में वार्ड-5 निवासी जयबीर सिंह जब प्राथमिक पाठशाला में मतदान करने पहुंचे तो अधिकारियों ने कहा कि आपका वोट पहले ही डाला जा चुका है। इस पर जसबीर सिंह ने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। मतदान से वंचित रहे जसबीर ने उच्चाधिकारियों से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।