फोटो :: सोनीपत के गांव बुटाना स्थित जनता शिक्षण संस्थान में उपविजेता कोहला-बुटाना की टीम। स्र
सोनीपत। गांव बुटाना स्थित जनता शिक्षण संस्थान में अंडर-55 किलोग्राम भार वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। रोहतक की टीम ने कोहला-बुटाना को 20-19 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंतिम क्षणों तक चले इस मुकाबले में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने फुर्ती, ताकत, रणनीति और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। दमदार रेड, मजबूत डिफेंस और अनुशासित खेल के कारण मुकाबले रोमांचक रहे। फाइनल में पहुंचने से पहले रोहतक ने सेमीफाइनल में घोघड़िया को हराया, जबकि कोहला-बुटाना ने पाई की टीम को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में रोहतक ने एक अंक के अंतर से जीत दर्ज की।
जीत के बाद रोहतक टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। दर्शकों ने भी तालियों से दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना की।
समापन समारोह में जनता शिक्षण संस्थान के प्रधान अजीत सांगवान ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं। ये युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाती हैं।
प्रशिक्षक ज्योति चहल ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।