संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव खेवड़ा में 300 रुपये को लेकर हुए विवाद में चार युवकों पर एक युवक के साथ मारपीट करने और चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। घायल युवक का खानपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
गांव खेवड़ा कॉलोनी निवासी जमालुद्दीन ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उन्हें पड़ोस में रहने वाली कांता ने सूचना दी कि उनके बेटे सलीम का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हो गया है। वह गंभीर हालत में गुलजार के घर के सामने पड़ा हुआ है।
वह अपनी पत्नी नूरजहां के साथ मौके पर पहुंचा तो और उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर गए लेकिन उसकी हालत को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया गया। वहां पर उसक ऑपरेशन करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार होश में आने के बाद सलीम ने बताया कि उसने दीपक नामक युवक से 300 रुपये उधार लिए थे। घटना के दिन वह अपने दोस्त हरीश के साथ पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में दीपक मिला और रुपये मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों की कहासुनी हो गई।
सलीम का आरोप है कि विवाद के बाद दीपक, राहुल, सागर और कपिल ने उनके साथ मारपीट की। वह किसी तरह वहां से बचकर घर की ओर भागा मगर आरोपियो ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि राहुल ने बाइक से उसका रास्ता रोक लिया। अन्य आरोपी वहां पहुंचे और मारपीट करते हुए दो बार चाकू से वार किए।