हरियाणा सोनीपत में रात को छाया कोहरा जानलेवा साबित हुआ। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर गांव पाई के पास कोहरे में सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं देने से कैंटर उसमें टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वह कैंटर में गुड़ भरकर बागपत से गुरुग्राम जा रहा था। सूचना के बाद बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
उत्तर प्रदेश के बागपत के गांव कहरका निवासी जयपाल सिंह ने बताया कि वह कैंटर चालक है। वह तथा उनके पड़ोसी गांव ललियाना निवासी उनका दोस्त अमित मंगलवार देर रात अपने-अपने कैंटर में गुड़ लेकर चले थे। वह बागपत के गांव मंसूरपुर से गुड़ लेकर गुरुग्राम जा रहे थे।
देर रात करीब 12 बजे जब वह केएमपी पर पाई गांव के पास पहुंचे तो कोहरा छाया हुआ था। अमित की गाड़ी उससे आगे चल रही थी और उससे कुछ पीछे थे। पाई गांव के पास एक चालक ने अपने ट्रक को सड़क की पहली लेन पर खड़ा कर रखा था। उसने कोई इंडिकेटर नहीं जला रखा था। ऐसे में अमित ट्रक को नहीं देख सका।
उसका कैंटर आगे ट्रक में टकरा कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मशक्कत के बाद बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।