नई दिल्ली से चंडीगढ़ जा रही शताब्दी एक्सप्रेस मंगलवार देर शाम हरियाणा के सोनीपत में हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास ब्रेक डाउन हो गई। ट्रेन के पहिए जाम होने से पटरियों के घर्षण के कारण अचानक धुआं उठने लगा। लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया और मामले की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मेंटेनेंस टीम ने घर्षण को दूर किया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को चंडीगढ़ की तरफ रवाना किया गया।
चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस (12045) रोजाना की तरह मंगलवार शाम 7.15 बजे नई दिल्ली स्टेशन से रवाना हुई थी। हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के पहिए अचानक जाम हो गए। इससे पटरियों के घर्षण के कारण धुआं उठने लगा। इसके बाद लोको पायलट ने ट्रेन की रफ्तार धीमी कर स्टेशन के पास शाम करीब 7.40 बजे रोक दी।
कोच संख्या सी-2 में धुआं भर गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के रुकने के बाद यात्री तुरंत बाहर आ गए। लोको पायलट ने घटना की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद सोनीपत से मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची।
इस दौरान टीम ने अग्निशमन सिलिंडर के जरिए धुएं को समाप्त किया। कोच संख्या सी-2 के यात्रियों को सी-3 में भेज दिया गया। इसके बाद ट्रेन को रात करीब 8.10 बजे करनाल की तरफ रवाना किया। यह ट्रेन करनाल स्टेशन पर 8.35 बजे की बजाय 9.20 बजे पहुंची।
हरसाना कलां रेलवे स्टेशन के पास चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस अचानक ब्रेक डाउन हो गई। पहिए जाम होने से पटरियों के घर्षण के कारण अचानक धुआं उठने लगा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मेंटेनेंस टीम ने स्थिति को संभाला। घर्षण को समाप्त कर करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को चंडीगढ़ की तरफ रवाना कर दिया गया।
- दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे