सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन की फिल्म अर्जुन पटियाला ने दिल्ली के रहने वाले प्राइवेट कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव की नींद उड़ाई दी है, तो कंपनी ने उसे नौकरी से निकालने की चेतावनी तक दे डाली है। दरअसल, फिल्म अर्जुन पटियाला में सनी लियोन ने पुलिस कर्मी को अपना मोबाइल नंबर बताया है, लेकिन असल में वह नंबर दिल्ली की एक निजी कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव का मोबाइल नंबर है। सनी लियोन का नंबर समझकर पिछले दो दिन से एग्जीक्यूटिव के पास 500 से ज्यादा कॉल आ चुकी हैं। विदेशों तक से वीडियो कॉल आ रही हैं। उनके फोन उठाते ही अश्लील बात करते हुए सनी लियोन के बारे में पूछने लगते हैं। सोनीपत से शुरूआत में कॉल पहुंचने के बाद ही फिल्म में सनी लियोन के नंबर बताने का पता चला। अब एग्जीक्यूटिव ने दिल्ली के पीतमपुरा थाने में सनी लियोन के साथ फिल्म निर्माता व निर्देशक के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए शिकायत दी है।
दिल्ली के पीतमपुरा के जेयू ब्लॉक में रहने वाले पुनीत अग्रवाल एक प्राइवेट कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव हैं। उनके मोबाइल पर दो दिन पहले एक कॉल आई तो फोन उठाते ही उनसे अश्लील बात करते हुए सनी लियोन के बारे में पूछा गया। पुनीत ने फोन काट दिया, लेकिन उसके बाद लगातार फोन आने लगे। पुनीत ने फोन करने वालों से पूछा कि उनके पास उसका नंबर कहा से आया है तो उनको बताया गया कि अभिनेत्री सनी लियोनोनी की फिल्म अर्जुन पटियाला दो दिन पहले ही रिलीज हुई है। उस फिल्म के एक सीन में पुलिस वाले को सनी लिओन अपना मोबाइल नंबर बताती हैं और उस मोबाइल नंबर पर सनी लियोन से बात करने के लिए वह फोन कर रहे है। उसके बाद पुनीत ने फिल्म को देखा तो उसमें सनी लिओनी जिस मोबाइल नंबर को अपना बता रही है, वह पुनीत का मोबाइल नंबर है। इस कारण ही पुनीत की रात की नींद भी उड़ गई है, क्योंकि उनके पास रात के समय भी खूब कॉल आ रही हैं। ऑफिस में जाने पर भी बार-बार फोन आता है तो कंपनी अधिकारियों ने उनको नौकरी से निकालने तक की चेतावनी दे दी है। पुनीत कहते हैं कि वह अपना मोबाइल नंबर भी नहीं बदल सकते हैं, क्योंकि उनकी नौकरी के काम में सभी के पास यह मोबाइल नंबर है। इस कारण पुनीत ने परेशान होकर दिल्ली के पीतमपुरा थाने में अभिनेत्री सनी लियोन के साथ फिल्म निर्माता व निर्देशक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है।