कुंडली/सोनीपत। गांव प्रीतमपुरा के सरपंच की पत्नी की गला दबाकर हत्या की गई है, जबकि उसके फंदा लगाकर जान देने की बात कही जा रही थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मेें गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच में जुट गई है। पुलिस महिला के परिजनों से भी बातचीत करेगी। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
विदित रहे कि गांव प्रीतमपुरा निवासी प्रीति (35) की शुक्रवार रात को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। प्रीति गांव प्रीतमपुरा के मौजूदा सरपंच अनिल की पत्नी थी। परिजनों ने बताया था कि शनिवार तड़के प्रीति ने घर में फंदा लगा लिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया था। हालांकि इसी बीच सूचना यह भी आई थी कि सरपंच की पत्नी का शव सेक्टर-7 क्षेत्र में सुनसान स्थान पर पड़ा था और वहां से किसी ने इसे अस्पताल पहुंचाया है। इसकी सूचना के बाद डीएसपी हरेंद्र, थाना कुंडली प्रभारी रवींद्र व थाना सदर प्रभारी रमेशचंद्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। बाद में पुलिस ने प्रीति के भाई चिराग दिल्ली निवासी कपिल के बयान पर 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। महिला के भाई ने उसकी बहन के फंदा लगाकर जान देने की बात कही थी। पुलिस ने मामले में संदेह होने पर सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया था। साथ ही बिसरा भी जांच के लिए मधुबन भेज दिया था। बाद में चिकित्सकों के महिला का गला दबाकर हत्या किए जाने की रिपोर्ट पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने फिर से मृतका के भाई कपिल को रात को बुलाकर उसे स्थिति से अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने कपिल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस करेगी गहनता से पूछताछ
पुलिस टीम मामले में गहनता से पूछताछ करेगी। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले में कई लोगों से पूछताछ की जाएगी। सरपंच से भी पुलिस टीम पूछताछ कर सकती है। इसके लिए मामले से जुड़े सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं।
सभी से होगी पूछताछ
परिजनों ने आत्महत्या की बात कही थी। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया था। जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल महिला के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है। जल्द मामले से पटाक्षेप किया जाएगा।
रवींद्र, थाना प्रभारी, कुंडली