नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ से मुरथल जाने वाली सड़क पर होटल के पास युवक का अर्धनग्न जला हुआ शव बरामद हुआ है। शव के चेहरे और सीने को जलाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद युवक के शव को खुर्द-बुर्द करने और पहचान मिटाने का प्रयास किया गया है। पुलिस की कोशिश के बावजूद शिनाख्त नहीं हो सकी।
हनुमान नगर निवासी मनोज शर्मा ने बहालगढ़ थाने में केस दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि वह बहालगढ़ स्थित आरबीआई कंपनी में नौकरी करते हैं। वह शुक्रवार को बहालगढ़ आए थे। ऑटो में सवार होकर मुरथल की तरफ जाने लगे। जब हाईवे के पास स्थित होटल सरोवर पोर्टिको के पास खुले मैदान के निकट पहुंचे तो लघुशंका के लिए ऑटो से उतर गए। उन्हें रास्ते में कूड़ा बीन रही एक महिला मिली और उसने उन्हें नीम के पास शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर देखा कि युवक का शव पड़ा था और शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। चेहरा और सीना जला हुआ था।
बहालगढ़ थाना पुलिस ने जांच की और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। शव की शिनाख्त और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना पुलिस के अनुसार, मौत का कारण और घटना की असलियत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।