सोनीपत। डीसीपी ट्रैफिक एंड क्राइम निकिता खट्टर ने कहा कि शहर को जाम मुक्त करने के लिए पुलिसकर्मी सार्थक पहल करें। जाम किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़कों पर वाहन खड़े करने वाले व विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करें। पुलिसकर्मी लोगों के सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए योजना बनाकर पहल शुरू करें। जाम लगने के कारणों की पहचान कर उनका समाधान किया जाए। वे वीरवार को पुलिस लाइन में यातायात पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ले रही थीं।
उन्होंने कहा कि शहर में जाम लगने से आमजन को परेशानी होती है। जाम का मुख्य कारण अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हैं। इस पर अंकुश लगाना होगा। इसके लिए तैयारी कर लें और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थान के हिसाब से योजना बनाकर उन्हें उपलब्ध करा दें। पुलिस का पहला प्रयास सड़कों पर मनमाने तरीके से वाहन खड़े होने देने से रोकना है। इसके लिए चालान करने और वाहनों को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाए। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कोई भी वाहन अवैध रूप से खड़ा नहीं होना चाहिए। सभी वाहन पार्किंग की निश्चित जगह पर ही खड़े होने चाहिए। जल्द ही सीसीटीवी से भी चालान काटने का अभियान शुरू किया जाएगा। वहीं नाबालिग के वाहन चलाने पर रोक लगाई जाए और हादसे वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाए।
शहर के अंदर से नहीं निकलेंगे भारी वाहन
डीसीपी ने कहा कि दिन के समय भारी वाहनों को बाईपास की तरफ से हाईवे या गोहाना की तरफ निकाला जाए। इससे शहर में भीड़ न हो और जाम के हालात नहीं बने। बैठक में शहर ट्रैफिक प्रभारी विकास सिंह व प्रवीण कुमार सहित यातायात पुलिस के सभी अधिकारी मौजूद रहे।