जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेती महिला खिलाड़ी
- फोटो : Sonipat
खेवड़ा के डीपीएस में हरियाणा बॉक्सिंग संघ की तरफ से बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा की मुक्केबाज माही राघव (63 किलो) ने अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दिल्ली की गार्गी तोमर को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की चैंपियन रह चुकी माही राघव ने पिछले साल स्वीडन में गोल्डन गर्ल चैंपियनशिप में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था और शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा तनु (52 किलो), रुद्रिका (70) और संजना (80) ने भी अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं महाराष्ट्र के भी तीन मुक्केबाज भी विजयी घोषित किए गए। सृष्टि रस्कर ने महाराष्ट्र के लिए विजयी अभियान की शुरुआत की। रस्कर ने 57 किलो भारवर्ग के शुरुआती मुकाबले में असम की मनालीशा बसुमतारी के खिलाफ 5-0 अंक से जीत दर्ज की। इसके अलावा सना गोंजाल्विस (63 किलो) और जागृति (70 किलो) ने पहले दौर के मुकाबलों में क्रमश: गुजरात की जाह्नवी सुरोलिया और तमिलनाडु की श्रीमथी एस को हराया।