16jjrp28- खिलाड़ी मधु को सम्मानित करते अधिकारी। स्रोत : संस्थान
झज्जर। देवरखाना गांव की मधु ने इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने हरियाणा और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से करीब 1,200 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
मधु ने 60 किलोग्राम रिंग फाइट वर्ग में भाग लिया। उन्हें रिलायंस मेट सिटी के सहयोग से प्रशिक्षण मिल रहा है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने महाराष्ट्र की खिलाड़ी को हराया। फाइनल मुकाबले में मधु ने छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी को 3-0 से मात देकर शानदार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसवी गोयल ने मधु को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मधु ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष जायसवाल ने मधु की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। इस स्वर्णिम जीत के साथ मधु ने कंबोडिया में 12 से 21 दिसंबर तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है।