सोनीपत के जिला नागरिक अस्पताल में एक्स रे मशीन खराब होने से खाली पड़ा कक्ष। संवाद
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। मरीजों को बिना एक्स-रे कराए लौटना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे नहीं होने से मरीजों को निजी पैथालाजी में अधिक पैसे खर्च कर एक्स-रे कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से जल्द एक्स-रे मशीन ठीक कराने की मांग की। अस्पताल में पहुंचे इंजीनियर ने मशीन की जांच करने के बाद उसे ठीक करने के लिए मंगलवार तक का समय मांगा।
वर्ष 2007 में लगाई गई एक्स-रे मशीन बार-बार खराब हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल एक्स रे मशीन के रखरखाव का जिम्मा एक कंपनी को दे रखा है। कंडम मशीन का रोजाना कोई न कोई पुर्जा खराब हो जाता है। बीच में इंजीनियर आकर कई पुर्जे बदल चुके हैं, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही। इस मशीन में नई की कीमत से अधिक के पुर्जे डल चुके हैं। नागरिक अस्पताल में रोजाना 80 से 90 मरीजों के एक्स-रे होते हैं। शनिवार दोपहर डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब हो गई थी। सोमवार को एक्स-रे नहीं होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में बार-बार एक्स-रे बंद होने से रोजाना मरीजों के लिए आफत बन रही है।
वर्जन
डिजिटल एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण काम बंद हो गया। मशीन खराब होने की सूचना अस्पताल प्रबंधन को दे दी गई है। सूचना के बाद सोमवार को इंजीनियर अस्पताल में आए थे। उन्होंने जांच करने के बाद एक्स-रे मशीन को चालू करने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है।-राजेश दहिया, सीनियर रेडियोलॉजी अधिकारी, नागरिक अस्पताल, सोनीपत