सोनीपत। गांव भठगांव के ग्रामीण को कंपनी के मेगा प्राइज शो में 15 लाख रुपये के इनाम जीतने का झांसा देकर 3.52 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज करवाया है।
गांव भठगांव निवासी धर्मचंद ने सदर थाना पुलिस को बताया कि उनके पास 21 मार्च को केरल के वेद ऋषि आयुर्वेद संस्थान के अधिकारी जितेंद्र कुमार के नाम पर उनके पास कॉल आई। उसने बताया कि आपका मोबाइल नंबर उनके संस्थान के मेगा प्राइज शो में चयनित हुआ है। संस्थान आपको इनाम देगी। इसके लिए 15-20 दिन में एक पत्र भेजा जाएगा। पत्र आने पर उसमें से एक कूपन निकला। उन्होंने इस बारे में जितेंद्र को बताया तो उसने उसे स्क्रैच करवाया। उस पर प्राइज का कोड और इनाम की राशि लिखी मिली। जितेंद्र ने बताया कि 14, 99000 रुपये का इनाम है। इसके लिए नौ हजार रुपये प्रोसेसिंग फीस और 15 हजार रुपये जीएसटी देना होगा। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिये उनके पास मुंबई के पते का अजय नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट नंबर भेजा गया। उन्होंने रुपये भेज दिए। अगले दिन जितेंद्र और पंकज सिंह भदौरिया ने फोन करके बताया कि 29,980 रुपये टीडीएस के जमा करने होंगे। उन्होंने उनके दिए निजामुद्दीन के मुंबई के एचडीएफसी शाखा के बैंक अकाउंट में रुपये भेज दिए। उसके बाद चेक क्लियर करने के नाम पर उनसे 73, 245 रुपये और जमा करवाए गए। उन्होंने 15 लाख 42 हजार रुपये जल्दी ही खाते में भेजने के लिए कहा। बाद में 28 हजार रुपये कोर्ट चार्ज के नाम पर भी जमा करवाए। इसके बाद पंकज और जितेंद्र का फोन आया कि 97,240 रुपये अंतिम चार्ज भेजने होंगे। मना करने पर उन्होंने आरबीआई का गारंटी पत्र उनको भेज दिया। ऐसे में उन्होंने 31 मई को यह रुपये भी भेज दिए। उसके बाद 70 हजार रुपये और मांगे गए तो मना कर दिया। इस पर 4 सितंबर को आलोक वर्मा का फोन आया और 50 हजार जमा करने के लिए कहा। 21 सितंबर को फोन आया कि 27 हजार रुपये और खाते में जमा करवा दो। उसने रुपये जमा कर दिए। बाद में कहा कि अपने पैसे देरी से जमा किए हैं इसलिए चेक क्लियर कराने के लिए 23 हजार रुपये का फाइन भरना होगा। 22 सितंबर को उन्होंने 23 हजार रुपये भेज दिए, पर उनके खाते में रुपये नहीं आए। इस तरह आरोपियों ने उनसे 3,52,505 रुपये ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।