संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक दिवस हर्षोल्लास व श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
शहर के जैन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ ही भगवान के चरणों में निर्वाण का लड्डू अर्पित कर सर्व समाज के कल्याण की कामना की। सेक्टर-15 स्थित जैन मंदिर में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, भाजपा नेता राजीव जैन, दिव्यांक जैन ने निर्वाण का प्रथम लड्डू अर्पित किया। उन्होंने कहा कि मोक्ष कल्याणक उस दिन का प्रतीक है, जब भगवान ने जन्म व मृत्यु के चक्र से मुक्ति प्राप्त की थी। कलियुग में मोक्ष प्राप्ति के लिए धर्म, अर्थ व काम के रूप में जाने वाले तीन मार्गों का अनुसरण करना होगा।
राजीव जैन ने कहा कि भगवान महावीर ने हमें अहिंसा, करुणा व सत्य की शिक्षा दी और जाति, धर्म व लिंग भेद का विरोध किया। भगवान महावीर की शिक्षा आज 2600 वर्ष बाद भी प्रासंगिक हैं। उन पर अमल करके मानव जीवन को सार्थक करना चाहिए। भगवान महावीर का संदेश था कि मन, वचन व कर्म से हिंसा मत करो, इसी से समाजवाद की स्थापना होगी। कार्यक्रम में राजेश जैन, टीनू जैन, पीयूष, सौरभ, ऊषा जैन, रश्मि जैन, प्रवीन जैन, संजीव, अंजू जैन, पवन जैन, डॉ. आकांक्षा, डॉ. अनिल जैन, सारिका व संजय जैन मौजूद रहे।