सोनीपत। वृंदावन व दिल्ली के फूल बंगले में रथ पर विराजमान होकर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ 27 जून को शहरवासियों को आशीर्वाद देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इसमें देश ही विदेश से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
कामी रोड स्थित बाबा धाम सिद्धपीठ मंदिर में 26 जून को भगवान जगन्नाथ उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर 27 जून को रथयात्रा निकाली जाएगी। उत्सव को लेकर बाबा धाम में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
मंदिर परिसर में 26 जून को भगवान जगन्नाथ मंदिर के पट खुलने के साथ नेत्र दर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कार्यक्रम में ओडिशा के पुरी से 6 वरिष्ठ ब्राह्मणों सहित 250 लोगों का दल जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ की वैदिक मंत्रोच्चारण से पूजा-अर्चना करवाएगा।
साथ ही यह दल व वृंदावन, चंडीगढ़ व दिल्ली के इस्कॉन केंद्रों से 100 लोगों का दल 27 जून को रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के रथ के आगे संकीर्तन करता चलेगा। सभी लोग 25 जून को बाबा धाम मंदिर में पहुंचेंगे। शहरभर के श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
ऑपरेशन सिंदूर पर मिलिट्री बैंड के साथ निकलेगी झांकी
भगवान जगन्नाथ रथयात्रा इस वर्ष ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित झांकी भी निकाली जाएगी। इस झांकी की अगुवाई मिलिट्री बैंड करेगा। इससे भक्तिभाव के साथ देशभक्ति की भावना काे भी प्रस्तुत किया जाएगा। शोभायात्रा में अधिकतर आकर्षक झांकियां पंजाब के पटियाला, उत्तर प्रदेश के रुड़की व दिल्ली से शामिल होंगी।
यात्रा में हरियाणा ही नहीं, बल्कि पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान सहित पांच राज्यों के बैंड धार्मिक धुन बजाकर शहर को भक्तिमय बनाएंगे।
कोलकाता-मुंबई फूलों से महकेगी स्वर्ण प्रस्थ नगरी
भगवान जगन्नाथ उत्सव के लिए खासकर कोलकाता और मुंबई से फूलों व चंडीगढ़ से लाइटिंग को मंगवाया गया है। रथयात्रा में शामिल रथ को भव्य रूप देने के लिए सुगंधित फूलों व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। फूलों की महक के बीच श्रद्धालु भजनों पर भक्ति के रस में डुबकी लगाते नजर आएंगे।
भव्य शृंगार के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होंगे। साथ ही भगवान को 108 तरह का भोग लगाया जाएगा।
इन मार्गों से गुजरेंगे जगन्नाथ प्रभु
बाबा धाम सिद्धपीठ से दोपहर 3 बजे रथयात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद रथयात्रा हलवाई हट्टा, कुम्हार गेट, जटवाड़ा, पुरखास अड्डा, दयाल चौक, गीता भवन, बस अड्डा, मुरथल अड्डा चौक, सब्जी मंडी रोड होते हुए वापस बाबा धाम पहुंचेगी। रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ श्रद्धालुओं को अपने दिव्य दर्शन देंगे।
वर्जन
बाबा धाम सिद्धपीठ में वर्ष 2008 से जगन्नाथ उत्सव मनाया जा रहा है। उत्सव को लेकर तैयारियों का दौर शुरू हो चुका है। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में 27 जून को देश-विदेश के श्रद्धालुओं सहित पुरी से 250 लोगों व इस्कॉन के 100 लोगों का दल शामिल होगा। ब्राह्मणों का दल विधिविधान से जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा की पूजा-अर्चना करवाएगा। -राकेश कुच्छल, संस्थापक, बाबा धाम सिद्धपीठ, सोनीपत।