गन्नौर। जीटी रोड पर गांव गढ़ी कला फ्लाइओवर के पास कार सवार तीन बदमाशों ने चालक को काबू कर उसका टेंपो (टाटा-एस) लूट लिया। टेंपो में करीब एक हजार किलोग्राम कार कैटेलिटिक कनवर्टर सिरेमिक भी लोड था। बदमाशों ने टेंपो चालक के मुंह पर कपड़ा बांध कर कार में बैठा लिया और उसका मोबाइल व टेंपो लेकर पानीपत की तरफ गए। बाद में उसे खेत में उतारकर फरार हो गए। टेेंपो चालक ने लूट की घटना की जानकारी फैक्टरी संचालक को दी। जिसके बाद संचालक ने थाना गन्नौर में मामले की शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पानीपत के नेहरू नगर निवासी विजय कुमार ने बताया कि उसकी पानीपत में एसएसडीएन मैटल नाम से फैक्टरी है। 22 जनवरी को उसने दिल्ली के मुकंदपुर निवासी प्रदीप के टाटा-एस टेंपो में प्रयोग हो चुका एक हजार किलोग्राम कार कैटेलिटिक कनवर्टर सिरेमिक लोड करवा कर उसे दिल्ली के लिए भेजा था। दोपहर को टेंपो चालक प्रदीप ने उसे बताया कि टेंपो को गढ़ी कला फ्लाईओवर के पास लूट लिया गया है। प्रदीप ने उसे बताया कि गढ़ी कला फ्लाइओवर के पास उसके टेंपो को कार सवार बदमाशों ने रुकवा लिया। तीनों बदमाश खाकी रंग के कपड़े पहने थे। बदमाशों ने उसे टेंपो से उतार कर उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और उसे अपनी कार में बैठा लिया। उनमें से एक बदमाश उसके टेंपो को चलाने लगा। प्रदीप ने बताया कि बदमाश उसे पानीपत की तरफ खेत में उतार कर उसके मोबाइल फोन व टेंपो लेकर फरार हो गए। जिस पर उसने मालिक को अवगत कराया। विजय कुमार का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर टेंपो का पता लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इस पर थाना गन्नौर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह रेढू ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
यह काम आता है कैटेलिटिक कनवर्टर
डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के आंतरिक दहन इंजन का धुआं सड़क और आसपास के लोगों को सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाते हैं। वाहनों के धुएं में कई प्रकार के अधजले हाइड्रोकार्बन और हानिकारक गैस होती है। इन हाइड्रो कार्बनों और गैसों को सामान्य प्रदूषण-रहित गैसों और यौगिकों में बदलने के लिए आधुनिक वाहनों में कैटेलिटिक कनवर्टर का इस्तेमाल किया जाता है।